कोलकाता, 25 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दबाव के पश्चिम की ओर बढ़ने के कारण 27 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वी मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि मौसम संबंधी इस प्रणाली के प्रभाव से सोमवार से दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर जिलों के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश और बौछारें पड़ेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘28 अक्टूबर को दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ेंगे और दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) होने की संभावना है।’’
प्रवक्ता के मुताबिक, इसी तरह 29, 30 और 31 अक्टूबर को भी राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
भाषा नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल