वायरस से प्रभावित क्षेत्रों के 10 किमी के दायरे में रहने वाले शेर पृथकवास में रखे गये: मोधवाडिया

Ads

वायरस से प्रभावित क्षेत्रों के 10 किमी के दायरे में रहने वाले शेर पृथकवास में रखे गये: मोधवाडिया

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 01:15 AM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 01:15 AM IST

गांधीनगर, 28 मई (भाषा) संदिग्ध ‘बेबेसिया’ संक्रमण से शेर के शावकों की मौत के बीच, संक्रमण के किसी भी प्रसार को रोकने के लिए गिर सोमनाथ और अमरेली जिलों में प्रभावित क्षेत्रों के 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले शेरों को पृथकवास में रखा जा रहा है। गुजरात के वन मंत्री अर्जुन मोधवाडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मोधवाडिया ने बताया कि संदिग्ध संक्रमण से मृत पाए गए शेर के शावकों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और परिणामों की प्रतीक्षा की जा रही है।

मोधवाडिया ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘वर्तमान में, जूनागढ़ पशु चिकित्सा महाविद्यालय के डॉक्टर, अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के सहयोग से, किसी भी वायरस के संभावित प्रसार को रोकने के लिए 10 किलोमीटर के दायरे में शेरों को पृथकवास में रखा जा रहा है।’’

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बुधवार को सूचित किया गया कि संदिग्ध संक्रमण से चार शावकों की मौत हो गई है और बीमारी के संभावित प्रसार के मद्देनजर अब तक 17 शावकों को अलग रखा गया है।

मंत्री ने कहा, ‘चूंकि ये मौतें संभवतः बेबेसिया संक्रमण के कारण हुई हैं, जो कि टिक्स (जानवरों के शरीर से चिपकने वाला एक छोटा खून चूसने वाला परजीवी) द्वारा फैलता है, इसलिए गिर अभयारण्य के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में टिक्स हटाने के अभियान चलाए जा रहे हैं, साथ ही अन्य आवश्यक एहतियाती उपाय भी लागू किए जा रहे हैं।’’

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश