उत्तराखंड: ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ की छाप वाले नकली नोटों बरामद, दो गिरफ्तार

Ads

उत्तराखंड: 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया' की छाप वाले नकली नोटों बरामद, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 12:41 AM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 12:41 AM IST

रुद्रपुर, 28 मई (भाषा) उत्तराखंड में उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में पुलिस ने बृहस्पतिवार को नकली नोटों के रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से कुल 4.54 करोड़ रुपये मूल्य के नकली और असली नोट बरामद किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए कई बंडलों से पता चला कि आरोपियों ने लोगों को धोखा देने के लिए 500 रुपये के असली नोट ऊपर रखे जबकि ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ छपे नकली नोट उनके नीचे रखे गए थे।

कुछ संदिग्धों के पास भारी मात्रा में नकदी होने की सूचना मिलने पर, गदरपुर पुलिस ने सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी गुलरभोज के पास एक दुकान पर छापा मारा ।

पुलिस ने बताया कि परिसर की तलाशी में एक काले-सफेद धारीदार बैग से नकली 500 रुपये के नोटों के 157 बंडल बरामद हुए। कुछ बंडलों में असली नोट ऊपर थे, जबकि कई अन्य बंडलों में पूरी तरह से नकली नोट थे।

पुलिस ने मौके पर ही दो लोगों को गिरफ्तार किया जिनकी पहचान उधमसिंह नगर जिले के रहने वाले मुंतियाज और मनोज कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ गदरपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपियों द्वारा नकली नोटों के जरिए किए जाने वाले अपराध की प्रकृति का पता लगाने के लिए गहन जांच चल रही है।

उन्होंने बताया कि नकली नोटों के स्रोत, गिरोह के नेटवर्क और उन क्षेत्रों के बारे में पता लगाया जा रहा है जहां वे उन्हें चलाने की योजना बना रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है ।

भाषा सं दीप्ति शोभना

शोभना