एसआईआर को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

Ads

एसआईआर को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

  •  
  • Publish Date - August 5, 2025 / 02:43 PM IST,
    Updated On - August 5, 2025 / 02:43 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) विपक्षी दलों के सांसदों ने बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर मंगलवार को भी लोकसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न 2.15 बजे दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

हंगामे के बीच ही लोकसभा ने ‘गोवा राज्य, सभा निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति प्रतिनिधित्व का पुन: समायोजन विधेयक, 2024’ को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी।

सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दो बजे पुन: शुरू हुई तो पीठासीन सभापति संध्या राय ने आवश्यक कागज प्रस्तुत कराए। इस दौरान विपक्षी दलों के सदस्यों ने एसआईआर के मुद्दे पर नारेबाजी शुरू कर दी।

इसके बाद विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘गोवा राज्य, सभा निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति प्रतिनिधित्व का पुन: समायोजन विधेयक, 2024’ को चर्चा एवं पारित करने के लिए प्रस्तुत किया। इसमें गोवा विधानसभा में अनुसूचित जनजाति के लिए सीट आरक्षित करने का प्रावधान है।

सदन ने कुछ मिनट के अंदर ही कुछ विपक्षी सदस्यों के संशोधनों को खारिज करते हुए शोर-शराबे के बीच ही विधेयक को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। इस विधेयक पर पिछले साल दिसंबर में संसद के शीतकालीन सत्र में चर्चा हुई थी।

इसके बाद पीठासीन सभापति संध्या राय ने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाने के लिए विपक्षी दलों के सदस्यों से अपने स्थान पर जाने का आग्रह किया, लेकिन हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सवा दो बजे बैठक को बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया।

इससे पहले सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तीन पूर्व सदस्यों शिबू सोरेन, तिलकधारी प्रसाद सिंह और रामरती बिंद के निधन के बारे में सूचित किया और उनके राजनीतिक जीवन का संक्षिप्त विवरण दिया।

इसके बाद सभा ने कुछ पल मौन रखकर तीनों दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी।

बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, विपक्षी दलों के सदस्य एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा की मांग करने लगे।

उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच ही कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कुछ सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर दिए।

लोकसभा अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘आप संसद की मर्यादा और गरिमा को गिरा रहे हैं। आपका आचरण संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं।’’

हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही 11 बजकर 25 मिनट पर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा