जम्मू, 17 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को अलगाववादी तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में लोगों को बांटने या विकास में बाधा डालने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा।
सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति, कानून व्यवस्था या नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह को बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
तलवाड़ा स्थित सहायक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में आरक्षियों की पासिंग-आउट परेड को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘हमें उन अलगाववादी तत्वों को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा जो लोगों को बांटने और विकास को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं। यह उनके लिए एक कड़ी चेतावनी है।’’
उन्होंने कहा कि शांति भंग करने, व्यावसायिक गतिविधियों को बाधित करने या हिंसा भड़काने के किसी भी प्रयास से सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस व्यवस्था और स्थिरता की रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और ऐसे कृत्यों के खिलाफ बिना किसी अपवाद के सभी आवश्यक उपाय करेगी।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश