छत्रपति संभाजीनगर, 11 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में यूनियन के पूर्व नेता के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5.26 करोड़ रुपये बेहिसाबी नकदी, सोना-चांदी, छह हथियार और 6,350 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाबा फरजान नामक नेता के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और पिछले महीने मधुमेह के कारण उसकी मौत हो गई थी।
अधिकारी ने बताया कि यह छापेमारी शुक्रवार को मिटमिटा इलाके में स्थित फरजान के आवास पर की गई। वह 1980 और 1990 के दशक में यूनियन नेता रहा था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) शशिकांत सातव ने बताया, ‘‘छापेमारी के दौरान 5.26 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी, 151 ग्राम सोना और 3.9 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। इसके अलावा 12 बोर और प्वाइंट 22 बोर की चार राइफल, दो पिस्तौल तथा 6,350 कारतूस भी मिले हैं।’’
उन्होंने बताया कि फरजान के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज थे।
सातव ने कहा कि बरामद छह हथियारों में से चार के लाइसेंस हैं, जबकि शेष दो हथियारों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बरामद कारतूसों में 12 बोर के 632, 7.65 बोर के 1,878 और .22 बोर राइफल के 3,840 कारतूस शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘बेहिसाबी नकदी 10, 20, 50, 100 और 200 रुपये के नोटों की गड्डियों में रखी हुई थी। इनकी गिनती पांच मशीनों की मदद से की गई। बरामद नकदी और सोने-चांदी की जानकारी विस्तृत जांच के लिए आयकर विभाग को दे दी गई है।’’
उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए फरजान की दूसरी पत्नी को हिरासत में लिया गया है। छावनी थाने की पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत जोहेब
जोहेब