महाराष्ट्र: महिला और प्रेमी को पीटकर कुएं में फेंका, महिला की मौत; तीन परिजन हिरासत में

महाराष्ट्र: महिला और प्रेमी को पीटकर कुएं में फेंका, महिला की मौत; तीन परिजन हिरासत में

महाराष्ट्र: महिला और प्रेमी को पीटकर कुएं में फेंका, महिला की मौत; तीन परिजन हिरासत में
Modified Date: August 26, 2025 / 03:01 pm IST
Published Date: August 26, 2025 3:01 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, 26 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ ज़िले में एक विवाहित महिला और उसके कथित प्रेमी को उसके परिजनों ने बेरहमी से पीटा और फिर दोनों को एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना सोमवार दोपहर की है। पुलिस के अनुसार, महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि उसके कथित प्रेमी की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में महिला के पिता, चाचा और दादा को हिरासत में लिया गया है। दोनों पीड़ितों की उम्र का पता लगाया जा रहा है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। उसका कथित प्रेमी नांदेड़ ज़िले के बोरजुन्नी गांव का रहने वाला था और वह सोमवार को महिला से मिलने गोलेगांव स्थित उसके ससुराल पहुंचा था।

अधिकारी के अनुसार, दोनों को एक साथ देखकर महिला के ससुरालवालों ने उसके मायके पक्ष के लोगों को बुलाया और उन्हें सौंप दिया। इसके बाद महिला और उसके प्रेमी को बोरजुन्नी ले जाते समय कथित रूप से रास्ते में पीटा गया और दोपहर करीब 2.30 बजे उमरी पुलिस थाना क्षेत्र के काकराला इलाके में एक कुएं में फेंक दिया गया।

पुलिस ने बताया कि वारदात में महिला का पिता, चाचा और दादा कथित रूप से शामिल थे। बाद में महिला का पिता उमरी थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने दोनों की हत्या कर दी है। हालांकि, जांच के दौरान यह सामने आया कि उसके चाचा और दादा भी इस अपराध में शामिल थे।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में