माझी ने संबलपुर में ओडिशा के तीसरे डॉप्लर मौसम रडार का उद्घाटन किया, मौसम पूर्वानुमान बेहतर होगा

Ads

माझी ने संबलपुर में ओडिशा के तीसरे डॉप्लर मौसम रडार का उद्घाटन किया, मौसम पूर्वानुमान बेहतर होगा

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 08:39 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 08:39 PM IST

भुवनेश्वर/संबलपुर, 16 सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को संबलपुर में राज्य के तीसरे डॉप्लर मौसम रडार (डीडब्ल्यूआर) का उद्घाटन किया और आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने तथा प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए तटवर्ती क्षेत्रों में ऐसे तीन और रडार स्थापित करने की योजना की घोषणा की।

माझी ने इस सुविधा का उद्घाटन एक कार्यक्रम में किया, जिसमें केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र, राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी और अन्य लोग ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

माझी ने कहा कि नया रडार 13 जिलों को मौसम संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराएगा और पड़ोसी राज्यों झारखंड तथा छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के लिये भी पूर्वानुमान व्यक्त किया जा सकेगा।

संबलपुर की यह सुविधा राज्य में पारादीप और गोपालपुर के बाद तीसरा डॉप्लर मौसम रडार है।

माझी ने घोषणा की कि भुवनेश्वर, बालासोर और पारादीप में तीन और रडार स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संबलपुर का रडार 250 किलोमीटर के दायरे में सटीक मौसम संबंधी आंकड़े उपलब्ध करा सकता है और 450 किलोमीटर दूर तक मौसम प्रणालियों की निगरानी कर सकता है।

इस सुविधा से लाभान्वित होने वाले 13 जिलों में संबलपुर, बरगढ़, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, देवगढ़, सुबर्णपुर, बोलांगीर, बौध, नुआपाड़ा, अंगुल, कालाहांडी, क्योंझर और ढेंकनाल शामिल हैं।

माझी ने कहा कि यह रडार महानदी नदी घाटी के किसानों के लिए लाभकारी होगा, जिसमें ओडिशा का ‘धान का कटोरा’ कहे जाने वाला बरगढ़ जिला भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा मानसून पूर्व आंधी-तूफान, बिजली गिरने, ओलावृष्टि, भारी बारिश और चक्रवातों के बारे में पहले से चेतावनी उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि यह रडार हर 10 मिनट में 150 मीटर के रिजोल्यूशन पर वर्षा का अनुमान लगाने में सक्षम होगा, जिससे हीराकुड जलाशय में पानी की आवक के प्रबंधन को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी।

ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि संबलपुर रडार भारत की मौसम पूर्वानुमान प्रणाली के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा, ‘‘2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और अंतरिक्ष विज्ञान को सर्वोच्च प्राथमिकता और मान्यता दी गई है।’’

सिंह ने कहा कि भारत अपने नागरिकों के साथ-साथ पड़ोसी देशों को भी मौसम पूर्वानुमान और आंकड़े उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि निकट भविष्य में देशभर में 40 अतिरिक्त डॉप्लर रडार स्थापित किए जाएंगे।

भाषा प्रशांत गोला

गोला