ममता ने भाजपा पर तृणमूल के विरोध मार्च में बाधा डालने का आरोप लगाया

Ads

ममता ने भाजपा पर तृणमूल के विरोध मार्च में बाधा डालने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 05:26 PM IST

कोलकाता, आठ जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बारुईपुर में 11 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में बुधवार को उनकी पार्टी के प्रदर्शन मार्च को बाधित करने का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि रैली की इजाज़त देने वाले कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश को लागू करना सुनिश्चित करने के बजाय पुलिस ने भाजपा की एक ‘‘शाखा’’ के तौर पर काम किया।

दक्षिण कोलकाता के हाजरा क्रॉसिंग पर प्रदर्शन मार्च के समापन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने रैली को बाधित किया और मार्ग में कई स्थानों पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

उन्होंने कहा, ‘‘उच्च न्यायालय ने हमारी रैली को अनुमति दी थी, लेकिन भाजपा के गुंडों ने इसे रोक दिया। रैली की अनुमति देने वाले अदालत के आदेश को पुलिस कैसे नजरअंदाज कर सकती है? भाजपा के गुंडों ने हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को पीटा। क्या यही लोकतंत्र है?’’

रैली के दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस युवा इकाई के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित यह रैली कलकत्ता उच्च न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद दक्षिण कोलकाता के बालीगंज फाड़ी से शुरू हुई थी। हाजरा रोड पर प्रदर्शन मार्च के रास्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई बार इसे बाधित किया। उन्होंने ‘‘चोर’’ के नारे लगाए और मानव शृंखला बनाकर रास्ता रोकने का भी प्रयास किया।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही और बल ‘‘भाजपा संगठन की एक शाखा’’ बन गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस आम लोगों को सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा पा रही है और हमारे कार्यक्रम को विफल करने के लिए उसका इस्तेमाल किया जा रहा है।’’

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस तरह पुलिस निगरानी में रखा गया है, जैसे मैं नजरबंद हूं।’’

भाजपा पर तीखा हमला करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया, ‘‘जिन लोगों ने राम मंदिर के चढ़ावे में लूट की, वे भगवान राम के नाम पर यहां अशांति फैला रहे हैं।’’

बनर्जी के आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाषा अमित रंजन

रंजन