ममता और शुभेंदु ने नंदीग्राम आंदोलन के 14 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

Ads

ममता और शुभेंदु ने नंदीग्राम आंदोलन के 14 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 05:48 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 05:48 PM IST

कोलकाता, 14 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आज ही के दिन 2007 में पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान गोलीबारी में मारे गए 14 प्रदर्शनकारियों को शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बनर्जी ने अपने संदेश में पीड़ितों को याद करते हुए कहा कि 19 साल पहले नंदीग्राम की धरती खून से लथपथ थी।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों के बलिदानों को याद करते हुए कहा, ‘‘अमर शहीद हमेशा अमर रहेंगे। नंदीग्राम की विजय हो।’’

इस घटना में 14 लोग मारे गए थे और 100 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जो राज्य के राजनीतिक इतिहास में सबसे खूनी घटनाओं में से एक बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि नंदीग्राम में कृषि भूमि आंदोलन के शहीदों की याद में हर साल 14 मार्च को ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने किसानों को ‘‘राज्य का गौरव’’ और ‘‘अन्नदाता’’ के रूप में वर्णित किया।

विपक्ष के नेता और नंदीग्राम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक शुभेंदु अधिकारी ने कृषि भूमि की रक्षा के आंदोलन में अपनी जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए नंदीग्राम के गोकुलनगर और सोनाचुरा स्थित शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अधिकारी ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा और उन्होंने 14 मार्च 2007 को राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण दिन’’ बताया।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी ‘नंदीग्राम के शहीदों’ को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहर के एक स्मारक पर मृतकों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपनी एक तस्वीर साझा की।

बनर्जी ने कृषक समुदाय के लिए राज्य की पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार की कृषक बंधु (नयी) योजना किसानों, बटाइदारों और काश्तकारों को सालाना 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप