ममता ने बीएनपी नेता तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत के लिए बधाई दी

Ads

ममता ने बीएनपी नेता तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत के लिए बधाई दी

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 01:26 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 01:26 PM IST

कोलकाता, 13 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत के लिए उसके नेता तारिक रहमान को शुक्रवार को बधाई दी।

इस चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी उस अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद कार्यभार संभाला था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मेरी हार्दिक बधाई, शुभोनंदन, मेरे सभी भाई-बहनों और बांग्लादेश के सभी लोगों को। मेरी तरफ से उन्हें रमजान की अग्रिम मुबारक। इस बड़ी जीत के लिए मेरी बधाई मेरे तारीक-भाई, उनकी पार्टी और सभी दलों को। प्रार्थना है कि आप सभी स्वस्थ और खुश रहें।”

बनर्जी ने आशा व्यक्त की कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण बने रहें। उन्होंने लिखा, ‘कामना है कि हमारे संबंध हमेशा बांग्लादेश के साथ सौहार्दपूर्ण रहें।’

हालांकि बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग (ईसी) ने चुनाव परिणाम की अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन स्थानीय मीडिया द्वारा प्रसारित अनौपचारिक आंकड़ों और अनुमानों के अनुसार बीएनपी और उसके सहयोगियों ने 210 से अधिक सीट जीत ली हैं जबकि जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी है।

भाषा तान्या अमित

अमित