उप्र: चलती ट्रक को टक्कर मारने से कार में सवार मां-बेटे की मौत, दो अन्य घायल

Ads

उप्र: चलती ट्रक को टक्कर मारने से कार में सवार मां-बेटे की मौत, दो अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 03:58 PM IST

सुलतानपुर (उप्र), 13 फरवरी (भाषा) जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मां-बेटे की मौत हो गई व दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह हादसा लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में मदनपुर पनियार शुक्ला पेट्रोल पंप के पास हुआ। सभी लोग कार में सवार थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ट्रक आगे जा रहा था तभी पीछे से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इस घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। चालक को झपकी आने से कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल बेबी मसीह (45) और उनके पुत्र अर्पित कुमार (20) को जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने मृतकों की शिनाख्त की।

हादसे में मसीह की बेटी संजू (27) को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि अमृता (40) नामक एक अन्य महिला भी घायल हुई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

लम्भुआ थाना के उप निरीक्षक जय शंकर यादव ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है और अन्य घायलों का इलाज हो रहा है।

पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा सं जफर अमित सुरभि

सुरभि