महाराजगंज (उप्र), चार अगस्त (भाषा) महाराजगंज में बृजमानगंज थानाक्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में एक दिव्यांग रेलकर्मी पर कथित तौर पर लोहे की छड़ से हमला करने और उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान नीरज पांडेय के रूप में की गई है जिसने सोमवार रात 52 वर्षीय रेलकर्मी पलटू पर उसके घर में हमला किया।
पुलिस का कहना है कि पलटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद, आरोपी पलटू की पत्नी को पास के सुनसान भवन में ले गया जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों पीड़ितों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि दुष्कर्म और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप समेत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच चल रही है।
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार