केरल में व्यक्ति को बेटे पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया
केरल में व्यक्ति को बेटे पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया
तिरुवनंतपुरम, 24 जनवरी (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम में एक व्यक्ति को अपने एक वर्षीय बेटे पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हमले के परिणामस्वरूप बच्चे की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति शिजिल, नेय्याट्टिनकारा के कंजीरामकुलम का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उस पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिजिल और कृष्णाप्रिया के बेटे इहान को 16 जनवरी को अस्पताल ले जाया गया था और परिवार ने दावा किया कि बच्चा बिस्कुट खाने के बाद बेहोश हो गया था।
उसने बताया कि हालांकि, अस्पताल में बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया।
उसने ने बताया कि अस्पताल अधिकारियों ने इस मामले में कोई गड़बड़ी होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि शुरू में दंपति ने जानकारी देने से इनकार किया, लेकिन पोस्टमार्टम से पता चला है कि बच्चे की मौत पेट के अंदरूनी हिस्से में लगी चोटों के कारण हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, पुलिस ने कृष्णाप्रिया और उसके परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए, जिससे यह जानकारी सामने आयी कि शिजिल ने बच्चे पर हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि शिजिल को शुक्रवार को हिरासत में ले लिया गया और विस्तृत पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दंपति के बीच मनमुटाव था और आरोपी को कृष्णाप्रिया पर संदेह था और उसने बच्चे के पिता होने पर सवाल उठाया था। पुलिस के अनुसार 16 जनवरी सुबह, इहान बिस्तर गीला करने के बाद रोने लगा, जिससे शिजिल क्रोधित हो गया।
उसके अनुसार कृष्णाप्रिया इहान को कथित तौर पर शौचालय ले गई और उसे वापस बिस्तर पर ले आई। पुलिस के अनुसार हालांकि, नींद में खलल पड़ने से नाराज शिजिल ने बच्चे पर हमला किया और फिर सो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा और अदालत से उसे हिरासत में दिये जाने का अनुरोध किया जाएगा।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


