खुशी में गोलीबारी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, घटना में महिला के सिर में लगी थी गोली

Ads

खुशी में गोलीबारी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, घटना में महिला के सिर में लगी थी गोली

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 05:36 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दयालपुर इलाके में बारात के दौरान खुशी में गोलीबारी करने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। इस घटना में बालकनी में खड़ी महिला के सिर में गोली लगी थी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ऋषि उर्फ मनु ठाकुर को सुल्तानपुरी से गिरफ्तार किया गया है जो लगभग एक महीने से फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल की रात को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में घटी, जब एक बारात निकाली जा रही थी।

एक अधिकारी ने बताया कि एक दंपत्ति अपने घर की बालकनी में खड़े होकर बारात को देख रहे थे, तभी पिस्तौल लेकर डांस कर रहे दो लोग गोलीबारी करने लगे।

अधिकारी ने बताया,“एक गोली महिला के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जांच के दौरान प्राथमिकी में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई।”

घटना के बाद, पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया और दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि 12 मई को अपराध शाखा की एक टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने साथियों से मिलने के लिए सुल्तानपुरी के कृष्ण विहार जाएगा।

पुलिस ने बताया कि दल ने कृष्ण विहार बाजार के पास जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान आरोपी ने गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।’

पुलिस ने बताया कि आरोपी कम उम्र से ही उत्तर-पूर्वी दिल्ली के आपराधिक गिरोहों से जुड़ा हुआ था और इससे पहले सुल्तानपुरी थाने में हत्या के प्रयास के दो मामलों में शामिल रहा है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा