गुरुग्राम, 19 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम के एमजीएफ मॉल के बाहर हवा में गोली चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और अपराध में इस्तेमाल की गई कार और हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार की सुबह उस समय घटी जब मॉल के अंदर से आ रही एक कार निकास द्वार पर रुकी और चालक नवीन कुमार (39) ने वाहन से अपना हाथ बाहर निकाला और कथित तौर पर हवा में गोली चलाई और फिर मौके से फरार हो गया। चालक दिल्ली के घिटोरनी के बस मोहल्ला का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने डीएलएफ फेज-2 थाने में प्राथमिकी दर्ज की और उसी शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘जांच में पता चला है कि आरोपी मॉल में स्थित क्वीन क्लब से निकला था और उसके बाद उसने मॉल के गेट पर गोली चलायी। दिल्ली और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर के तौर पर काम करने वाला कुमार छोटे-मोटे विवादों में शामिल रहा है और उससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।’
भाषा तान्या गोला
गोला