आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री 20 अप्रैल से तमिलनाडु के दो दिवसीय चुनाव प्रचार दौरे पर रहेंगे

Ads

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री 20 अप्रैल से तमिलनाडु के दो दिवसीय चुनाव प्रचार दौरे पर रहेंगे

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 06:03 PM IST

अमरावती, 19 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सोमवार से तमिलनाडु में दो दिवसीय चुनाव प्रचार दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा राज्य विधानसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सघन जनसंपर्क अभियान के हिस्से के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

इस यात्रा का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में जोश भरना, मतदाताओं से जुड़ाव मजबूत करना और राज्य के प्रमुख क्षेत्रों में गठबंधन के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण को सुदृढ़ करना है।

आंध्र प्रदेश सरकार के एक सूत्र ने रविवार को बताया, ‘नायडू सोमवार से तमिलनाडु में दो दिवसीय चुनाव प्रचार दौरे की शुरुआत करेंगे, क्योंकि राजग राज्य चुनावों से पहले अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर रहा है।’

राजग तमिलनाडु में अपनी उपस्थिति मजबूत करते हुए सुशासन, आर्थिक विकास और समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित करेगा।

पहले दिन, मुख्यमंत्री कोयंबटूर से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे, जहां वे दोपहर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे होसुर जाएंगे और फिर थल्ली में एक जनसभा में शामिल होंगे।

शाम को वह चेन्नई पहुंचेंगे और आवडी में एक रोड शो में भाग लेंगे, जहां वे लोगों और राजग समर्थकों से सीधे बातचीत करेंगे।

दूसरे दिन, नायडू मदुरै जाएंगे और फिर सत्तूर रवाना होंगे, जहां वे सामुदायिक नेताओं से बातचीत करेंगे और दोपहर बाद एक महत्वपूर्ण चुनावी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

दो दिवसीय जनसंपर्क कार्यक्रम के बाद शाम को उनकी वापसी के साथ यह दौरा समाप्त होगा।

अभियान के महत्व को रेखांकित करते हुए, नायडू से अपेक्षा की जाती है कि वे शासन और विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए, भारत की व्यापक विकास दिशा के संदर्भ में तमिलनाडु के लिए राजग के दृष्टिकोण को स्पष्ट करेंगे।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप