हैदराबाद, 19 अप्रैल (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार को ‘लोक भवन’ में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से शिष्टाचार मुलाकात की और दोनों ने शिक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
राज्य सरकार द्वारा पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन को एमएलसी पद के लिए नामित करने का मामला राज्यपाल के पास लंबित होने के मद्देनजर रेवंत रेड्डी की शुक्ला से मुलाकात अहम मानी जा रही है।
अजहरुद्दीन ने पिछले साल 31 अक्टूबर को मंत्री पद की शपथ ली थी और उनका छह महीने के भीतर, यानी 30 अप्रैल तक विधायिका के लिए निर्वाचित होना आवश्यक है।
रेड्डी का ‘लोक भवन’ दौरा मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव और महाधिवक्ता ए. सुदर्शन रेड्डी द्वारा शुक्ला से मुलाकात करने और राज्य से संबंधित ‘‘प्रशासनिक और कानूनी’’ मामलों पर चर्चा करने के एक दिन बाद हुआ।
सरकार अजहरुद्दीन मामले पर चुप्पी साधे हुए है, हालांकि, सूत्रों के अनुसार बैठक में पूर्व क्रिकेटर और प्रोफेसर कोडंदरम के नामांकन का मुद्दा भी उठा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्यपाल शुक्ला ने सलाह दी कि शिक्षण संस्थानों में मादक पदार्थों के उपयोग पर अंकुश लगाने के बारे में जागरूकता पैदा की जानी चाहिए और छात्रों द्वारा इस संबंध में शपथ लेने के लिए पहल का सुझाव दिया।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र