नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने 26 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पीड़ित के साथ पहले दोस्ती थी लेकिन बाद में किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया था।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार तड़के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के गौतमपुरी में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान 26 वर्षीय ललित के तौर पर हुई जो पास के ही ब्राह्रपुरी इलाके का रहने वाला था और शव पर चाकू से वार किए जाने के निशान थे।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने के बाद घटना की जांच करने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई जिसने सबूत जुटाए और आरोपी की पहचान मोहित (26) के तौर पर की।
उन्होंने बताया कि टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी के मुताबिक, मोहित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसकी पीड़ित के साथ पहले दोस्ती थी, लेकिन पीड़ित और उसके भाई से उसका किसी मुद्दे पर विवाद हो गया था।
पुलिस ने बताया कि इसी विवाद के चलते उसने कथित रूप से ललित की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश