ऋषिकेश (उत्तराखंड), पांच अप्रैल (भाषा) ऋषिकेश पुलिस ने पिछले कई वर्षों से एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी पिता-पुत्र अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद भट्ट ने बताया कि दो अप्रैल को पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गयी।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी को ऋषिकेश के मनसा देवी क्षेत्र से शनिवार शाम को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मामले के दो अन्य आरोपी – मंजीत जौहर व उसका पुत्र मानव जौहर फरार हैं।
आरोपी पिता-पुत्र रियल स्टेट क्षेत्र के कारोबारी बताए जा रहे हैं जबकि शर्मा उनका सहयोगी है। जौहर के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी में होटल भी हैं।
पुलिस को दी अपनी तहरीर में 40 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया कि 2021 से आरोपियों ने उससे उसकी ससुराल के अलावा कई अन्य जगहों पर कथित रूप से अनेक बार दुष्कर्म किया तथा बात न मानने पर उसके पिता तथा बहनों को नुकसान पहुंचाने तथा उसकी इकलौती बेटी को मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित महिला का पति जौहर के साथ काम करता है। इसमें बताया गया कि मंजीत जौहर का उसकी ससुराल में काफी आना-जाना था।
महिला ने यह भी कहा है कि जब भी उसने अपने साथ किए जा रहे शोषण की शिकायत अपने पति से की तो उसने उसे नजरअंदाज कर दिया।
महिला ने कहा कि जब उसका दर्द असहनीय हो गया तो उसने यह बात अपनी बहन को बताई जिसने उसे पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी।
भाषा सं दीप्ति शफीक
शफीक
शफीक