नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रविवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में अपनी वकील पत्नी पर चाकू से वार करने के आरोप में 35-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार सोनिया विहार का निवासी है और उसे रविवार को खजूरी खास इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 22 अप्रैल को हुई, जब कुमार ने कथित तौर पर खजूरी खास में अपनी 38-वर्षीय पत्नी पर चाकू से वार किया। पुलिस ने बताया कि उसकी पत्नी को इलाज के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान कुमार ने अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि उसने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी पर हमला किया था।’’
पुलिस ने बताया कि हमले के पीछे घरेलू कलह को मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी अपहरण और हत्या से जुड़े एक मामले में शामिल था।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश