तिरुवनंतपुरम में शराब के नशे में झगड़े के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या

Ads

तिरुवनंतपुरम में शराब के नशे में झगड़े के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 03:06 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 03:06 PM IST

तिरुवनंतपुरम, अप्रैल 16 (भाषा) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के विझिंजम इलाके में शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद 38-वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान सुमन एस. के रूप में हुई है।

सुमन को बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात विझिंजम के मुक्कोला में ‘पोर्ट पैलेस बार’ के पास सड़क किनारे लेटा हुआ पाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात कुछ लोगों की बार में एक दूसरे व्यक्ति से लड़ाई हो गई। इन लोगों में अचू एवं अनंतु नामक दो व्यक्ति शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि जब सुमन ने बीच-बचाव की कोशिश की तो अचू एवं अनंतु के गुट ने उसपर ही हमला बोल दिया।

पुलिस ने यह भी कहा कि यद्यपि सुमन बार से बाहर निकलकर भागा, लेकिन अचू एवं अनंतु ने उसका पीछा किया तथा उसपर हमला जारी रखा।

घटना के दौरान, सूर्यजीत तथा कृष्णप्रसाद नामक दो लोग इसका वीडियो बनाते रहे।

पुलिस के अनुसार, सुमन के गिरकर निढाल हो जाने के बाद भी अचू और अनंतु ने हमला जारी रखा।

लोगों ने बीच-बचाव कर सुमन को अस्पताल पहुचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि अचू, अनंतु, सूर्यजीत और कृष्णप्रसाद नशे में धुत थे तथा अपराध के बारे में व्यापक जानकारी के लिए उनसे आगे भी पूछताछ की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौप दिया जाएगा।

भाषा सं. सुरेश

सुरेश