नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के बीच उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में बृहस्पतिवार को देहरादून एक्सप्रेसवे के पास करंट लगने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, देहरादून एक्सप्रेसवे के खंभा संख्या 52 के पास डिवाइडर पर एक शख्स के बेहोश पड़े होने की सूचना पूर्वाह्न करीब 10 बजे मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी की गई तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पीड़ित को जगप्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि व्यक्ति लगभग छह फुट ऊंची डिवाइडर रेलिंग पर चढ़ा होगा और रेलिंग पार करने के बाद, वह खंभा संख्या 52 के बगल में लगे एक विद्युत पैनल पर उतर गया जिससे वह उच्च वोल्टेज वाले बिजली के तारों की चपेट में आ गया।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुतेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया है और उसकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस बाबत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 (अप्राकृतिक) के तहत कार्यवाही शुरू कर दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश