जयपुर, 14 मार्च (भाषा) राजस्थान के बीकानेर में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश करने वाले 35 वर्षीय एक युवक की शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि बुरी तरह झुलसे युवक रामलाल का यहां एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा था।
पुलिस अधिकरियों ने बताया कि खाजूवाला इलाके का रामलाल शुक्रवार को बीकानेर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास एक बेंच पर बैठा था तथा कुछ देर बाद वह थोड़ी दूर गया एवं अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस का कहना है कि फिर उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि उसने पहले एक महिला द्वारा परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी लेकिन बाद में उसने लिखित पत्र दिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।
पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को उसके पुलिस अधीक्षक कार्यालय आने एवं यह कदम उठाने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार