जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास मिला व्यक्ति का शव, हत्या का मामला दर्ज
जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास मिला व्यक्ति का शव, हत्या का मामला दर्ज
नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली में जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास 39 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृत व्यक्ति की पहचान वेलकम निवासी अकील अहमद के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के वेलकम थाने को मेट्रो स्टेशन के पास एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और अहमद का शव बरामद किया, जिसपर कई चोटों के निशान थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया है।
घटनास्थल पर अपराध और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘आरोपियों की पहचान और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। कई टीम तैनात की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।’
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


