नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके के एक पार्क में 27 वर्षीय शख्स संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान सोनिया विहार निवासी आकाश शुक्ला उर्फगोलू के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने मंगलवार को उसे एक पार्क के अंदर अचेत पड़ा देखा।
अधिकारियों ने बताया कि शुरू में, लोगों को लगा कि वह आराम कर रहा है, लेकिन लंबे समय तक कोई हरकत न देखकर पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने बताया कि अपराध और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ एक टीम मौके पर पहुंची और उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा।’
पुलिस यह पता लगाने के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है कि शुक्ला पार्क में कैसे और कब पहुंचा।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश