सिक्किम के पुलिस थाने में फंदे से लटका मिला व्यक्ति, तीन पुलसकर्मी निलंबित
सिक्किम के पुलिस थाने में फंदे से लटका मिला व्यक्ति, तीन पुलसकर्मी निलंबित
गंगटोक, 29 जुलाई (भाषा) सिक्किम के गंगटोक जिले में मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में हिरासत में लिया गया 55 वर्षीय व्यक्ति बुधवार को थाने के हवालात में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद अधिकारियों ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सिंगतम थाने में 55 वर्षीय व्यक्ति की हिरासत में मौत के बाद न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
अधिकारी ने बताया कि पूर्णे दार्जी को हाल में मादक पदार्थ बेचने के आरोप में सिक्किम मादक पदार्थ-रोधी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था और घटना के समय वह पुलिस रिमांड पर था।
शुरुआती जांच के अनुसार, दार्जी ने बुधवार सुबह हवालात के अंदर कंबल का एक टुकड़ा फाड़कर उससे फंदा लगा लिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।’’
घटना के बाद अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक सिंगतम थाने से जुड़े तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और पक्षपात रहित जांच सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक जांच के भी आदेश दिए गए हैं।’’
हिरासत में मौत के सभी मामलों में अनिवार्य प्रक्रिया के तहत गंगटोक के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने घटनाक्रम का पता लगाने और दार्जी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह निर्धारित करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


