द्वारका में व्यक्ति की हथौड़े से वार कर हत्या, दो गिरफ्तार

Ads

द्वारका में व्यक्ति की हथौड़े से वार कर हत्या, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 03:20 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 03:20 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) दिल्ली के द्वारका इलाके में एक मकान की बिक्री को लेकर हुए विवाद में 38 वर्षीय व्यक्ति की हथौड़े से वार कर हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अखिलेश मंडल का शव 12 जुलाई को द्वारका के सेक्टर 18ए में मिला था। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे और टैटू बने थे, लेकिन पहचान के लिए कोई दस्तावेज नहीं था।

अधिकारी ने बताया कि इस बाबत द्वारका उत्तर थाने में मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू की गई और इस दौरान टीम ने आरोपियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की तस्वीरों का विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी निगरानी भी की।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान नजफगढ़ निवासी अनिल ठाकुर (66) और बिहार निवासी राजू कुमार (28) के तौर पर हुई।

अधिकारी ने बताया कि मंडल ठाकुर की सहमति से उसके आवास पर रह रहा था। हालांकि, पीड़ित की शराब की लत के कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ठाकुर द्वारा अपना घर बेचने का फैसला करने के बाद विवाद बढ़ गया क्योंकि मंडल इसका विरोध कर रहा था। ठाकुर ने मंडल को 10 जुलाई को द्वारका के सेक्टर 13 में बुलाया, जिसके बाद वह और कुमार उसे करगिल चौक के पास ले गए और हथौड़े से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।’’

हत्या के बाद दोनों आरोपी नजफगढ़ के धरमपुरा भाग गए।

जांचकर्ताओं के मुताबिक ठाकुर, मंडल के परिवार को जानता था और उसने हत्या के बाद जानबूझकर उन्हें गुमराह किया और उसकी गुमशुदगी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने से परिवार को रोका।

पुलिस ने कहा कि उसने हत्या में इस्तेमाल खून से सने हथौड़े और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

भाषा नोमान नोमान धीरज

धीरज