केरल के कोझिकोड में व्यक्ति के निपाह वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि, संपर्क में आए 77 अन्य चिह्नित

Ads

केरल के कोझिकोड में व्यक्ति के निपाह वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि, संपर्क में आए 77 अन्य चिह्नित

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 08:17 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 08:17 PM IST

कोझिकोड, 11 जून (भाषा) केरल के कोझिकोड जिले में एक व्यक्ति के निपाह वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद प्रशासन ने बृहस्पतिवार को बचाव के उपाय शुरू किए।

कोझिकोड के जिलाधिकारी एम.एस. माधवीकुट्टी ने बताया कि रामनाट्टुकारा के 43 वर्षीय एक व्यक्ति के निपाह वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

सरकार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मरीज का इलाज कोझिकोड चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू)में किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए 77 लोगों की पहचान की गई है। उन्होंने बताया कि संक्रमित के संपर्क में आए लोगों में 58 स्वास्थ्यकर्मी, 14 परिवार के सदस्य और पांच दोस्त व सहकर्मी शामिल हैं।

विज्ञप्ति के मुताबिक संपर्क में आए लोगों में से किसी में अब तक कोई लक्षण नहीं देखा गया है।

इसके मुताबिक संपर्क में आए 77 लोगों में से दो को सबसे अधिक जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है जबकि 13 को ज़्यादा जोखिम वाली श्रेणी में और 62 को कम जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है।

विज्ञप्ति के मुताबिक सबसे ज्यादा जोखिम और ज्यादा जोखिम वाली श्रेणियों में आने वाले सभी लोगों को पृथकवास में रखा गया है।

जिलाधिकारी ने बताया, ‘‘ इलाके में रोकथाम और निगरानी की गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। निवारण उपायों के तहत बुधवार और बृहस्पतिवार को रामनाट्टुकारा नगर पालिका में त्वरित प्रतिक्रिया टीम की बैठकें हुईं।’’

उन्होंने बताया कि पीपीई किट, दस्ताने और मास्क समेत व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं और एहतियात के तौर पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बीमारी के बारे में जानकारी और लोगों के संशयों का समाधान करने के लिए जिला चिकित्सा कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

केरल के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय की वेबसाइट के मुताबिक निपाह वायरस जानवरों से इंसानों में फैलता है। ‘फ्रूट बैट’नामक चमगादड़ निपाह वायरस के प्राकृतिक वाहक हैं। यह वायरस सूअरों और इंसानों में भी बीमारी का कारण बन सकता है।

केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने स्थिति का जायजा लेने के लिए तिरुवनंतपुरम में एक बैठक की।

उन्होंने कहा कि स्थिति से निपटने के लिए कोझिकोड चिकित्सा महाविद्यालय में सभी ज़रूरी इंतज़ाम कर लिए गए हैं।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश