अमेरिका को भारत का निर्यात अगस्त में 21.83 प्रतिशत, चीन को 52.35 प्रतिशत बढ़ा

Ads

अमेरिका को भारत का निर्यात अगस्त में 21.83 प्रतिशत, चीन को 52.35 प्रतिशत बढ़ा

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 09:45 PM IST

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) भारत का अमेरिका को निर्यात अगस्त में सालाना आधार पर 21.83 प्रतिशत बढ़कर 8.4 अरब डॉलर हो गया। इसी माह में चीन को भारत का निर्यात 52.35 प्रतिशत बढ़कर 1.9 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दोनों देशों से भारत का आयात भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ा।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में चीन से आयात 17 प्रतिशत बढ़कर 12.77 अरब डॉलर और अमेरिका से आयात 65.78 प्रतिशत बढ़कर 5.97 अरब डॉलर हो गया।

अमेरिका को भारत का वस्तु निर्यात चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-अगस्त के दौरान 6.17 प्रतिशत बढ़कर 42.8 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 29.6 प्रतिशत बढ़कर 28 अरब डॉलर रहा।

इसी अवधि में चीन को भारत का निर्यात 38.71 प्रतिशत बढ़कर 9.64 अरब डॉलर हो गया, जबकि चीन से आयात 27 प्रतिशत बढ़कर 65.5 अरब डॉलर रहा।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। अमेरिका ने 24 जुलाई से भारत पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत शुल्क लगाया है।

आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सिंगापुर को भारत का निर्यात सालाना आधार पर 160.96 प्रतिशत बढ़कर 1.9 अरब डॉलर हो गया। चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में सिंगापुर को निर्यात 96.56 प्रतिशत बढ़कर 9.5 अरब डॉलर रहा।

इस दौरान जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया, श्रीलंका और इटली को होने वाले भारत के निर्यात में भी वृद्धि दर्ज की गई।

हालांकि, अगस्त में संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड और सऊदी अरब को निर्यात में गिरावट आई। पश्चिम एशिया संकट के कारण संयुक्त अरब अमीरात को निर्यात 26.1 प्रतिशत घटकर 2.4 अरब डॉलर रहा।

दूसरी ओर, रूस, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, जर्मनी, ओमान, मलेशिया, ताइवान और ब्राजील से भारत के आयात में वृद्धि हुई।

अगस्त में ओमान से आयात 157.45 प्रतिशत बढ़कर 1.64 अरब डॉलर, ताइवान से 108.31 प्रतिशत बढ़कर 1.6 अरब डॉलर और ब्राजील से 132 प्रतिशत बढ़कर 1.12 अरब डॉलर रहा।

भाषा रमण अजय

अजय