नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को लोकसभा सदस्य मणिकम टैगोर को अपनी तमिलनाडु इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने टैगोर को तत्काल प्रभाव से तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। टैगोर ने के. सेल्वपेरुंथगई का स्थान लिया है।
तमिलनाडु के विरुद्धनगर से लोकसभा सदस्य अब तक आंध्र प्रदेश के लिए कांग्रेस प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। वह संसद के निचले सदन में कांग्रेस के सचेतक भी हैं।
तमिलनाडु में जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ हालिया गठबंधन के बाद कांग्रेस ने प्रदेश नेतृत्व में बदलाव किया है।
टैगोर उन नेताओं में शामिल थे, जो इस साल हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले ही टीवीके के साथ गठबंधन की पैरवी कर रहे थे। हालांकि, पार्टी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा और नतीजे आने के बाद विजय की पार्टी के साथ गठबंधन किया।
भाषा हक अविनाश
अविनाश