मणिपुर के मुख्यमंत्री ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 06:44 PM IST

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें राज्य में शांति और सद्भाव लाने के लिये उनकी सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।

सिंह के साथ उपमुख्यमंत्री लोसी दीखो और नेमचा किपगेन भी मौजूद थे। चार फरवरी को मणिपुर में नयी सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर लिखा ‘‘मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने उपमुख्यमंत्री किपगेन नेमचा और लोसी दिखो के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’

मणिपुर सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को राज्य में शांति और सद्भाव लाने के लिये नयी सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी और प्रधानमंत्री से पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

मणिपुर के मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री को राज्य के दौरे पर आने का निमंत्रण दिया है। इससे पहले, मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज चौहान से कल उनके आवास पर मुलाकात करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मेरे साथ उपमुख्यमंत्री किपगेन नेमचा और एल. दिखो भी थे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मणिपुर में पुनर्वास और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के लिए 5,000 नए घरों के निर्माण को मंजूरी दी है, ताकि सम्मान और सुरक्षा के साथ तत्काल उनका पुनर्वास किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की थी।

भाषा शोभना दिलीप

दिलीप