मणिपुर के मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से बीमार, विस्थापित हुए 26 लोगों को एक-एक लाख रु सौंपे

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से बीमार, विस्थापित हुए 26 लोगों को एक-एक लाख रु सौंपे

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 05:13 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 05:13 PM IST

इम्फाल, छह जुलाई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को लंबे समय से बीमारियों से पीड़ित और आंतरिक रूप से विस्थापित 26 लोगों को इलाज के लिए एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

सिंह ने इम्फाल पश्चिम जिले के लाम्बोइखोंगनांगखोंग स्थित मणिपुर ट्रेड एक्सपो सेंटर राहत शिविर में गंभीर रूप से बीमार और आंतरिक रूप से विस्थापित (आईडीपी) को चिकित्सा सहायता वितरण कार्यक्रम के दौरान यह सहायता सौंपी।

उन्होंने कहा, ‘‘लंबे समय से बीमार और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों को विशेष वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दी गई वित्तीय सहायता सरकार के सहयोग का अंतिम चरण नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग अपने ही घरों में नहीं रह पा रहे हैं।

राज्यसभा सदस्य अधिकारिमयुम शारदा देवी ने कहा कि शिविर में रह रहीं विस्थापित महिलाओं को बुनाई की मशीनें और आजीविका से जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिए मदद दी जाएगी।

भाषा

राखी नरेश

नरेश