इंफाल, आठ जुलाई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादी हमले में मारे गए असम राइफल्स के दो जवानों को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह ने इंफाल हवाई अड्डे पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में दोनों जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और वारंट अफसर बलवंत सिंह तथा हवलदार चंद्र मोहन सिंह के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा।
शहीद जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जबकि सेना, असम राइफल्स और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उन्हें अंतिम सलामी दी।
उखरुल थाना क्षेत्र के नुंगशांग खोंग में सोमवार दोपहर संदिग्ध उग्रवादियों ने अर्धसैनिक बल के एक काफिले पर गोलीबारी कर दी थी जिसमें ‘40 असम राइफल्स’ के ये दोनों जवान शहीद हो गए।
बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सिंह ने कहा, ‘‘उनका साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान शांति, सुरक्षा और राष्ट्र की एकता को बनाए रखने के हमारे संकल्प में हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन वीर नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उन्हें सलाम करता हूं। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जाएगा।’’
भाषा खारी नरेश
नरेश