चुराचांदपुर, 30 दिसंबर (भाषा) मणिपुर के मोरेह में शनिवार अपराह्न करीब तीन बजकर 50 मिनट पर अज्ञात बंदूकधारियों और पुलिस कमांडो के बीच भारी गोलीबारी की सूचना प्राप्त हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात बंदूकधारियों ने पुलिस कमांडो को ले जा रहे वाहनों को उस समय निशाना बनाया, जब वे मोरेह से ‘की लोकेशन प्वाइंट’ (केएलपी) की ओर बढ़ रहे थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ”इंफाल-मोरेह मार्ग पर एम चाहनौ गांव को पार करते समय हुए हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।”
अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी का पांच असम राइफल्स शिविर में इलाज किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, न्यू मोरेह के प्रवेश द्वार और एम चाहनौ गांव के पास अंधाधुंध गोलीबारी जारी है। सूत्रों ने बताया कि मोरेह में दो घरों में आग भी लगा दी गई।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष