19 मई : इसी दिन बना था तापमान को मापने का सेंटीग्रेड पैमाना

19 मई : इसी दिन बना था तापमान को मापने का सेंटीग्रेड पैमाना

19 मई : इसी दिन बना था तापमान को मापने का सेंटीग्रेड पैमाना
Modified Date: May 19, 2026 / 10:41 am IST
Published Date: May 19, 2026 10:41 am IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) इतिहास में 19 मई का दिन एक खास वजह से दर्ज है। विभिन्न घटनाओं का गवाह रहा यह दिन तापमान को मापने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सेंटीग्रेड पैमाने के विकास का दिन भी है। वर्ष 1743 में 19 मई को ही ज्यां पियरे क्रिस्टीन ने सेंटीग्रेड तापमान पैमाना विकसित किया था।

भारत के शुरुआती उद्योगपतियों में से एक जमशेदजी नुसरवान जी टाटा का निधन 19 मई को ही हुआ था। भारतीय उद्योग जगत के पितामह कहे जाने वाले जमशेदजी नुसेरवानजी टाटा इलाज के लिए जर्मनी के बाड नॉउहेम नामक स्थान पर गए थे और 19 मई 1904 को वहीं उन्होंने अंतिम श्वांस ली। जमशेदजी ने 1868 में टाटा समूह की स्थापना की थी, जो आगे चलकर भारत का सबसे बड़ा और प्रभावशाली उद्योग समूह बना। 1903 में उन्होंने भारत के पहले लग्ज़री होटल, ताज महल पैलेस होटल (मुंबई), की शुरूआत की जो देश की बेहतरीन इमारतों में गिना जाता है।

देश-दुनिया के इतिहास में 19 मई की तारीख पर दर्ज महत्‍वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1743 : ज्यां पियरे क्रिस्टीन ने सेंटीग्रेड तापमान पैमाना विकसित किया।

1892 : बहुचर्चित नाटककार और कवि ऑस्कर वाइल्ड को दो साल की सजा के बाद जेल से रिहा किया गया। उन्हें समलैंगिकता के अपराध में यह सजा सुनाई गई थी। उस समय ब्रिटेन में समलैंगिकता गैरकानूनी थी।

1904 : भारत के शुरुआती उद्योगपतियों में से एक टाटा समूह के संस्थापक जमशेद जी टाटा का निधन।

1913 : नीलम संजीव रेड्डी का जन्म, जो देश के छठे राष्ट्रपति बने।

1934 : अंग्रेज़ी भाषा के प्रसिद्ध भारतीय लेखक रस्किन बॉण्ड का जन्म।

1936 : ब्रिटेन के अविष्कारक रॉबर्ट डेटसन वाट ने राडार बनाया और यह प्रणाली सबसे पहले ब्रिटेन के हवाई अडडे पर स्थापित की गयी।

1950 : मिस्र ने स्वेज नहर को इजराइली जहाजों के लिए बंद करने की घोषणा की।

1971 : भारतीय नौसेना का पहला पनडुब्बी अड्डा वीर बाहू विशाखापत्तनम में शुरू हुआ।

1979 : हिन्दी के शीर्ष साहित्यकार हजारी प्रसाद द्विवेदी का निधन।

2002 : चार सदियों की गुलामी के बाद पूर्वी तिमोर नयी सहस्त्राब्दी के पहले नये राष्ट्र के रूप में विश्व मानचित्र पर उभरा।

2008 : भारत एवं चीन के बीच नाथुला से व्यापार पुनः शुरू हुआ।

2018 : ब्रिटेन के राजकुमार हैरी और अमेरिकी अदाकारा मेगन मार्कल लंदन के विंडसर कैसल स्थित भव्य सेंट जॉर्ज चैपल में शादी के बंधन में बंध गए।

2021 : मुंबई के अपतटीय क्षेत्र में चक्रवात ताउते के दौरान बजरा पी-305 डूबने से चालक दल के 49 सदस्यों की मौत। इस चक्रवात की वजह से महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और गुजरात में 100 से अधिक लोगों की जान गई।

2023 : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 2,000 रुपये के नोट को चलन से बाहर करने की घोषणा की। आरबीआई ने बैंकों से 2,000 रुपये का नोट देने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया और इस मूल्य के नोटों को बैंकों में जाकर जमा करने या बदलने के लिए 30 सितंबर की समय सीमा तय की।

2024 : ईरान के उत्तर-पश्चिम स्थित पहाड़ी क्षेत्र में खराब मौसम की वजह से हुए हेलीकॉप्टर हादसे में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन और अन्य की मौत।

2025 : रूसी अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समूह एमनेस्टी इंटरनेशनल को ‘अवांछनीय संगठन’ करार देते हुए इसे प्रतिबंधित कर दिया।

भाषा मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में