मायापुर-पीपलकोटी सुरंग हादसा: लापता एक और श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

Ads

मायापुर-पीपलकोटी सुरंग हादसा: लापता एक और श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 03:01 PM IST

चमोली, 15 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) की सुरंग में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। लापता एक और श्रमिक का शव बचाव अभियान के दौरान बरामद किया गया है, जबकि सुरंग में लापता दो अन्य श्रमिकों की तलाश लगातार जारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे मायापुर (पीपलकोटी) स्थित परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ जब परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में पानी एवं मलबा घुस गया।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम निरीक्षक करण सिंह के नेतृत्व में सुरंग के भीतर लगातार सघन तलाश एवं बचाव अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), जिला पुलिस, प्रशासन एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तकनीकी संसाधनों एवं आवश्यक उपकरणों की सहायता से सुरंग के संभावित स्थानों पर विस्तृत तलाश की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के भीतर मौजूद पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए सक्शन पंप सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि बचाव दलों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश की जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि एसडीआरएफ के दल अन्य बचाव एजेंसियों के साथ आपसी समन्वय से सुरंग के भीतर संभावित सभी स्थानों पर गहन तलाश अभियान संचालित कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसडीआरएफ बचाव दल द्वारा पूरी तत्परता के साथ अभियान जारी रखा गया है और श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सं नेत्रपाल अमित

अमित