नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 27 वर्षीय सफाई कर्मचारी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद उसके कई सहकर्मियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अनिल पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया मंच पर वायरल हो गया है।
कथित फुटेज में पीली टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति को अनिल से कुछ दूरी पर इंतजार करते हुए देखा जा सकता है, जबकि इस दौरान अनिल अपना काम करता हुआ नजर आ रहा था। इसके बाद वह व्यक्ति अपनी टी-शर्ट के नीचे पीठ की ओर छिपाकर रखा गया धारदार हथियार निकालता हुआ दिखाई देता है और अनिल की ओर बढ़ता है।
कुछ सेकंड तक दोनों के बीच कथित तौर पर कहासुनी होती दिखाई देती है, जिसके बाद वह व्यक्ति दिनदहाड़े अनिल के पेट में चाकू मारता हुआ नजर आता है।
कथित फुटेज में कई राहगीरों और एक मोटरसाइकिल सवार को घटनास्थल के पास रुकते हुए देखा जा सकता है, लेकिन इनमें से कोई भी घायल कर्मचारी की मदद के लिए आगे आता नजर नहीं आता।
हमले के बाद आरोपी कथित तौर पर मौके से फरार हो गया। इसके बाद अनिल पेट पकड़कर दूसरी जगह की ओर जाने की कोशिश करता दिखाई देता है। ऐसा प्रतीत होता है कि चाकू लगने की जगह को वह हाथ से दबाए हुए था। कुछ देर बाद वह जमीन पर गिर गया और फिर कोई हलचल नजर नहीं आई।
पुलिस ने वायरल हो रहे इस कथित फुटेज की प्रामाणिकता की अभी तक सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है। जांच के तहत पुलिस इलाके से प्राप्त सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है।
अनिल के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत में उन्हें फोन कर बताया था कि वह दुर्घटना का शिकार हो गया है। जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि अनिल को वास्तव में चाकू मारा गया था।
परिवार ने दावा किया कि हमला करने से पहले अनिल को पीछे से किसी ने बुलाया था। उन्होंने कहा कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वे यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उसे निशाना क्यों बनाया गया।
जांच के तहत फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और सबूत इकट्ठा किए। इलाके से कई सीसीटीवी फुटेज हासिल किए गए हैं और घटनाओं के क्रम को समझने और आरोपी की पहचान व गतिविधियों का पता लगाने के लिए उनकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद एमसीडी के कई सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
उन्होंने अनिल के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और शोक संतप्त परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि वह अनिल के लिए न्याय की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों के साथ विरोध प्रदर्शन में बैठे थे। उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। हम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमले में एक व्यक्ति शामिल था या एक से अधिक।’’
पुलिस की टीम घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और आरोपी की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं तथा घटनास्थल से अन्य साक्ष्य जुटा रही हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सफाई कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए धरना दिया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप