एमसीडी की स्थायी समिति के चुनाव 27 जुलाई को
एमसीडी की स्थायी समिति के चुनाव 27 जुलाई को
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अपनी स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए 27 जुलाई को चुनाव कराएगा। शुक्रवार को जारी एक नोटिस में यह जानकारी दी गई।
नोटिस में कहा गया है कि स्थायी समिति के सदस्यों के सेवानिवृत्त होने के बाद यह चुनाव कराना जरूरी हो गया है। खाली पदों को भरने की प्रक्रिया 15 जुलाई को पूरी कर ली गई।
फिलहाल, वार्ड 226 (गौतम पुरी) का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्षद सत्या शर्मा (भाजपा) दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष हैं।
शर्मा ने जून 2025 में हुए चुनाव के बाद एमसीडी स्थायी समिति की अध्यक्ष का पद संभाला, जिससे नगर निगम की मुख्य निर्णय लेने वाली शाखा पर भाजपा का नियंत्रण मजबूत हुआ।
अपनी मौजूदा कार्यकारी भूमिका से पहले, उन्होंने 2023 की शुरुआत में महापौर पद के बेहद हंगामेदार चुनावों के दौरान पीठासीन अधिकारी के रूप में काम किया था।
एमसीडी की 18 सदस्यों वाली स्थायी समिति वित्तीय निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है, जो 5 करोड़ रुपये से अधिक के बड़े वित्तीय फैसलों, अनुबंधों, नीतिगत मामलों और नागरिक परियोजनाओं को मंजूरी देती है।
फिलहाल, समिति में सभी 18 सदस्य हैं, जिनमें 12 भाजपा और छह आम आदमी पार्टी के पार्षद हैं।
बुधवार तक, समिति मार्च से केवल 12 सदस्यों के साथ काम कर रही थी क्योंकि छह खाली सीटों के लिए चुनाव लंबित थे, जिन्हें उसी दिन भरा गया।
आगामी चुनाव दिल्ली नगर निगम अधिनियम, 1957 और संबंधित चुनाव नियमों के अनुसार, एमसीडी के सिविक सेंटर में दोपहर 2 बजे आयोजित किये जाएंगे।
अधिनियम की धारा 47(1) के तहत, स्थायी समिति को अपनी पहली बैठक में अपने सदस्यों में से एक को अध्यक्ष और दूसरे को उपाध्यक्ष चुनना होता है।
चुनाव लड़ने के इच्छुक सदस्यों से नामांकन पत्र जमा करने को कहा गया है, जिसे एमसीडी सचिव के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। नोटिस में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा 21 जुलाई तक सभी कामकाजी दिनों में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच विधिवत भरे हुए नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
नोटिस में आगे कहा गया है कि कोई उम्मीदवार बैठक से पहले किसी भी समय चुनाव से अपना नाम वापस ले सकता है।
भाषा वैभव दिलीप
दिलीप

Facebook


