अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 22 जुलाई को होगी

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 22 जुलाई को होगी

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 22 जुलाई को होगी
Modified Date: July 19, 2026 / 03:46 pm IST
Published Date: July 19, 2026 3:46 pm IST

अयोध्या, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इस महीने 22 जुलाई को एक बैठक करेगा। इस महीने ट्रस्ट की यह दूसरी बैठक होगी।

ट्रस्ट के महासचिव कृष्ण मोहन के अनुसार, राम मंदिर परिसर में अपराह्न तीन बजे एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद अपराह्न चार बजे ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के आवास मणिराम छावनी में नियमित बैठक होगी। इसके पहले छह जुलाई को ट्रस्ट की बैठक हुई थी।

कृष्ण मोहन ने सात जुलाई को ट्रस्टियों को भेजे गए पत्र में बैठक का एजेंडा साझा किया था। इसके अनुसार, 22 जुलाई की बैठक में छह जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक और उसी दिन अपराह्न तीन बजे आयोजित विशेष बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी।

बैठक में ट्रस्ट के नियमों के अनुरूप विभिन्न समितियों के पुनर्गठन पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा, यदि तब तक उपलब्ध हो जाती है तो चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

छह जुलाई को हुई बैठक चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट की पहली बैठक थी। उस बैठक में ट्रस्ट ने ट्रस्ट डीड में संशोधन की सिफारिश करने के लिए एक विशेष समिति गठित की थी। साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई जाने वाली भेंट के रखरखाव, मूल्यांकन और निस्तारण के संबंध में दिशा-निर्देश भी तय किए गए थे।

यह बैठक पहले मणिराम छावनी में आयोजित होने वाली थी, लेकिन बाद में इसे राम मंदिर परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया था।

एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट पर प्रस्तावित चर्चा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य सरकार ने मंदिर में प्राप्त चढ़ावे की कथित चोरी की जांच के आदेश दिए हैं।

इस विवाद के बाद प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है और जांच की प्रगति ट्रस्ट की बैठक का प्रमुख मुद्दा रहने की संभावना है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में