मेघालय कोयला खदान विस्फोट: मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हुई

Ads

मेघालय कोयला खदान विस्फोट: मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हुई

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 10:30 PM IST

शिलांग, नौ फरवरी (भाषा) मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में अवैध कोयला खदान विस्फोट में घायल हो गये एक व्यक्ति के यहां अस्पताल में दम तोड़ देने के लिए ही इस घटना में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 28 हो गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एसपी ने कहा,‘‘यहां नीग्रिम्स में इलाज करा रहे एक घायल व्यक्ति ने आज दम तोड़ दिया।’’

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राजू तमांग के रूप में की गई है।

यह विस्फोट पिछले सप्ताह म्यंसंगट गांव के थांगस्कू इलाके में अवैध रूप से संचालित कोयला खदान में हुआ था।

इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने घोषणा की कि राज्य सरकार इस घटना की न्यायिक जांच करायेगी ताकि विस्फोट की परिस्थितियों का पता चल सके और इसके लिए जिम्मेदारी तय की जा सके।

इस बीच, पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक इस घटना के संबंध में मेघालय उच्च न्यायालय के समक्ष पेश हुए।

उच्च न्यायालय ने विस्फोट की घटना और राज्य में अवैध कोयला खनन की लगातार घटनाओं पर दुख व्यक्त किया, और ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए अधिकारियों द्वारा उठाए गए कदमों पर विवरण मांगा।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में घायल हुए आठ अन्य लोगों का अब भी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

भाषा तान्या राजकुमार

राजकुमार

शीर्ष 5 समाचार