शिलांग, 17 सितंबर (भाषा) मेघालय की राजधानी शिलांग में सरकारी और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए गए एक के बाद एक चार बम हमलों से हड़कंप मच गया। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ये घटनाएं 16 सितंबर की शाम से बृहस्पतिवार तड़के के बीच की हैं। हालांकि, अधिकारी अभी तक इन हमलों के पीछे शामिल बदमाशों और उनके मकसदों के बारे में कुछ पता नहीं लगा पाए हैं।
इनमें से किसी भी हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने बृहस्पतिवार तड़के लाइतुम्खराह इलाके में स्थित स्वास्थ्य सेवा निदेशालय (डीएचएस) परिसर पर पेट्रोल बम फेंका, जिससे परिसर में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियों को काम पर लगाया गया।
एक अन्य घटना में, तड़के अज्ञात बदमाशों ने नोंगमेनसॉन्ग स्थित एक पुलिस बूथ को आग के हवाले कर दिया।
ये दोनों हमले बुधवार रात लुमडिंगजरी पुलिस थाने पर पेट्रोल बम फेंके जाने के कुछ ही घंटों बाद हुए।
वह बम थाना प्रभारी के कमरे के पिछले हिस्से में गिरा, जिससे मामूली नुकसान हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम रिसा कॉलोनी स्थित खनिज संसाधन निदेशालय (डीएमआर) के कार्यालय पर भी पेट्रोल बम से हमला किया गया, जिसमें डीएमआर के एक कर्मचारी के निजी वाहन को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हम सभी घटनाओं की जांच कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।’
पुलिस हमलावरों की पहचान करने और हमलों के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
भाषा सुमित माधव
माधव