(तस्वीरों के साथ)
श्रीनगर, 10 मई (भाषा) जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को आरोप लगाया कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती उनकी सरकार पर झूठे और निराधार आरोप लगा रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि महबूबा मुफ्ती पिछले साल केंद्र शासित प्रदेश से राज्यसभा सीट जीतने में भाजपा को पीडीपी द्वारा की गई ‘मदद’ से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती हैं।
अब्दुल्ला ने गांदरबल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल मैं उनका (मुफ्ती का) भाषण सुन रहा था जिसमें उन्होंने दावा किया कि एक अधिकारी से तबादले के बदले रिश्वत मांगी गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कोई जांच नहीं हुई क्योंकि रिश्वत मांगने वाला व्यक्ति मंत्री था। महोदया, कृपया मुझे बताएं कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का कोषाध्यक्ष कौन सा मंत्री है? जहां तक मुझे पता है, नेशनल कॉन्फ्रेंस के कोषाध्यक्ष सांसद शम्मी ओबेरॉय हैं। अब तक ओबेरॉय न तो जम्मू-कश्मीर में मंत्री हैं और न ही केंद्र में।’’
वह मुफ्ती के उस आरोप पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे कि एक मंत्री ने अपनी पसंद की पोस्टिंग के लिए एक अधिकारी से 30 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत