विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में स्थिति को पूरे वैश्विक समुदाय के लिए चुनौतीपूर्ण बताया

Ads

विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में स्थिति को पूरे वैश्विक समुदाय के लिए चुनौतीपूर्ण बताया

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 05:17 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 05:17 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने के बीच, विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह स्थिति न केवल देश के लिए, बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए एक ‘‘परीक्षा की घड़ी’’ है।

पश्चिम एशिया में स्थिति पर यहां एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हम अपनी ऊर्जा सुरक्षा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए संबंधित देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं।’’

क्षेत्र में 20वें दिन बृहस्पतिवार को भी संघर्ष जारी रहा।

पश्चिम एशिया में संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले शुरू किए। इसके जवाब में, तेहरान ने उन खाड़ी देशों को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे हैं।

जायसवाल ने कहा, ‘‘हां, यह न केवल हमारे लिए बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए एक कठिन समय है। हमारे नेता अपने समकक्षों के संपर्क में हैं, जैसा कि मैंने अभी हमारे प्रधानमंत्री और कुवैत के युवराज के बीच हुई बातचीत का जिक्र किया। इसी तरह, हम कई अन्य नेताओं के भी संपर्क में हैं।’’

उनसे पूछा गया था कि क्या पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष ने चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिदृश्यों में नयी दिल्ली के कूटनीतिक दृष्टिकोण की परीक्षा ली है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले आपने देखा कि हमारी सक्रिय भागीदारी के कारण…और कई हितधारकों के साथ बातचीत और कूटनीति के माध्यम से, हमने एलपीजी लदे अपने दो जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कराया है।’’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत इस मामले में कई हितधारकों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि ‘‘हम अपनी ऊर्जा सुरक्षा की जरूरतों को पूरा कर सकें’’ और साथ ही इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में मौजूद अपने भारतीय नागरिकों और प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, हमारे राजनयिक प्रयास जारी हैं और हम अपने हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी क्षेत्र), असीम आर. महाजन ने कहा कि विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर करीबी नजर रखे हुए है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश