विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के राजदूत को तलब कर हमले में भारतीय नाविक की मौत पर जताया विरोध

Ads

विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के राजदूत को तलब कर हमले में भारतीय नाविक की मौत पर जताया विरोध

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 04:49 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा)भारत ने सोमवार को यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब कर पिछले हफ्ते काला सागर में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में भारतीय नाविक की मौत पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने राजदूत को इस घटना पर नयी दिल्ली की गंभीर चिंता से अवगत कराया और वाणिज्यिक जहाज पर हुए ऐसे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की।

खबरों के मुताबिक, रूस और यूक्रेन के बीच फिर से शुरू हुई लड़ाई के दौरान एमवी ओमोर्फी जहाज यूक्रेन के ड्रोन हमलों की चपेट में आ गया।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘आज, भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को विदेश मंत्रालय तलब किया गया। यह कदम वाणिज्यिक जहाज एमवी ओमोर्फी पर हुए हमले के सिलसिले में उठाया गया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई थी।’’

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘उसने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है और वाणिज्यिक पोत पर हुए ऐसे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। साथ ही, समुद्री नौवहन की सुरक्षा, नौवहन की आजादी और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर इनके बुरे असर को भी रेखांकित किया है। ’’

बयान के मुताबिक राजदूत से ‘‘यूक्रेन के अधिकारियों तक वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने को लेकर भारत की गंभीर चिंताएं पहुंचाने का अनुरोध किया गया और इस बात को दोहराया गया कि ऐसे कृत्य, जिनसे निर्दोष आम नागरिकों और नाविकों की जान को खतरा होता है, स्वीकार्य नहीं हैं और इनसे बचना चाहिए।’’

भाषा धीरज नरेश

नरेश