आइजोल, 29 अप्रैल (भाषा) मिजोरम में बुधवार को 12 वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया गया जिसमें कुल 87.67 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं तथा लड़के लड़कियों से थोड़ा आगे रहे।
‘मिजोरम बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (एमबीएसई)’ द्वारा जारी नतीजों के अनुसार, मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में लड़कों की सफलता दर 87.7 प्रतिशत रही जबकि लड़कियों की सफलता दर 87.66 प्रतिशत रही।
फरवरी और मार्च में हुई 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 12,243 विद्यार्थी शामिल हुए थे जिनमें से 10,734 उत्तीर्ण हुए । इस परीक्षा 1,394 विद्यार्थी उत्तीर्ण नहीं हो सके तथा 115 विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा देनी होगी।
वाणिज्य संकाय में शैक्षणिक प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा, जिसमें 759 विद्यार्थियों में 90.51 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए।
उसके बाद विज्ञान संकाय में 2,770 विद्यार्थियों में 89.24 प्रतिशत तथा मानविकी संकाय में 8,714 विद्यार्थियों में 86.93 प्रतिशत पास हुए।
परिणामों के अनुसार, संस्थागत प्रदर्शन के मामले में सरकारी अनुदान पाने वाले विद्यालय 93.80 प्रतिशत उत्तीर्ण दर के साथ सबसे शीर्ष पर रहे। इसके बाद 91.55 प्रतिशत के साथ निजी विद्यालय दूसरे नंबर पर तथा 83.13 प्रतिशत के साथ सरकारी विद्यालय तीसरे नंबर पर रहे।
भाषा राजकुमार
राजकुमार