भाजपा सरकार की संवेदनहीनता का शिकार आधुनिक महिला आईपीडी टावर: अशोक गहलोत
भाजपा सरकार की संवेदनहीनता का शिकार आधुनिक महिला आईपीडी टावर: अशोक गहलोत
जयपुर, 25 मार्च (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को आरोप लगाया कि जयपुर के महिला अस्पताल में निर्माणाधीन महिला आईपीडी टावर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की संवेदनहीनता का शिकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 117 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 500 ‘बेड’ की इस परियोजना को मौजूदा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
गहलोत ने एक बयान में कहा कि राज्य का विश्वस्तरीय स्वास्थ्य ढांचा आज राज्य सरकार की अदूरदर्शिता और राजनीति का शिकार हो रहा है।
गहलोत ने अपनी सोशल मीडिया सीरीज ‘इंतजारशास्त्र’ के ‘तीसरे अध्याय’ में जयपुर स्थित सांगानेरी गेट महिला चिकित्सालय (महिला अस्पताल) के निर्माणाधीन आईपीडी इमारत की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारी तत्कालीन सरकार की सोच राजस्थान को स्वास्थ्य सेवाओं में ‘आदर्श राज्य’ बनाना था। इसी सोच से फरवरी 2023 में 117 करोड़ रुपये की लागत से इस आईपीडी टावर का काम शुरू किया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना को अगस्त 2025 तक पूरा कर जनता को समर्पित किया जाना था।
उन्होंने सवाल किया कि जब बजट आवंटित था और काम प्रगति पर था तो वर्तमान राज्य सरकार ने इसे ठंडे बस्ते में क्यों डाल दिया?
उन्होंने कहा, ‘‘इस देरी के कारण आज भी महिला अस्पताल में बिस्तर की कमी और भारी भीड़ के कारण प्रदेश की माताओं-बहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।’’
गहलोत ने कहा, ‘‘क्या भाजपा सरकार के लिए महिला स्वास्थ्य कोई प्राथमिकता नहीं है? सिर्फ इसलिए कि यह योजना कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी, क्या प्रदेश की महिलाओं को आधुनिक सुविधाओं से वंचित रखना न्यायसंगत है? इस देरी से होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?’’
उन्होंने सरकार से मांग की कि राजनीतिक द्वेष को त्याग कर जनहित की इस परियोजना को अविलंब पूरा किया जाए ताकि जयपुर और आसपास के जिलों से आने वाली महिलाओं को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
भाषा पृथ्वी
धीरज
धीरज

Facebook


