आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के गढ़ आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया। इस मौके पर आमसभा को भोजपुरी में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऋषि मुनियों की तपोभूमि को मैं नमन करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में बटन दबाकर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया।
इस दौरान लोगों को भोजपुरी में ही संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘हम इस धरती को प्रणाम करत गई, आप सभन लोगन के पांव लागत अई’। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की विकास में एक नया अध्याय जुड़ा है। विकास की एक नई गंगा बहेगी, ये गंगा पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के रूप में मिली है।
यह भी पढ़ें : शशि थरुर हाजिर हो, हिंदू पाकिस्तान वाले बयान पर कोलकाता की अदालत ने भेजा समन
उन्होंने कहा कि मुझे काशी से लोगों ने चुना और पिछले वर्ष विकास की गति को बढ़ावा देने वाला फैसला किया। पिछले एक साल में योगीजी के नेतृत्व में जो विकास किया गया वह अद्भुत है। बड़े-बड़े अपराधियों की स्थिति क्या है यह आपको पता है। अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण करके योगीजी ने प्रदेश में निवेश लाने का काम किया है।
तीन तलाक पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘ये राजनीतिक दल चाहते हैं कि तीन तलाक होता रहे, मुस्लिम महिलाओं का जीवन नर्क बना रहे। लेकिन मैं इन राजनीतिक दलों को समझाने की कोशिश करुंगा। बीजेपी सरकार के लिए देश की परिवार है, देशवासी ही हमारे परिवार हैं‘। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि तीन तलाक जारी रहे और मुस्लिम महिलाएं ऐसे ही मरती रहें’।
यह भी पढ़ें : विम्बलडन ग्रास कोर्ट की सुरक्षा में तैनात है ये बाज, सोशल मीडिया में 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो एक-दूसरे को देखना नहीं चाहते थे वे अब एक साथ हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर किसानों से किया गया वादा पूरा किया है। जिन फैसलों को अब तक की सरकारें फाइलों में घुमाती रही वह फैसले एनडीए सरकार में लिए जा रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह एक्सप्रेस वे ना तो समाजवाद का है और ना ही कांग्रेस का। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस वे पूर्वांचल की लाइफलाइन बनेगा . पिछली सरकार ने जातिवाद को बढ़ावा दिया है। वहीं, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यहां पूर्वांचल की भाग्य रेखा खींचने आए हैं।
वेब डेस्क, IBC24