मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई से जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल हुई:जितेंद्र सिंह

Ads

मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई से जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल हुई:जितेंद्र सिंह

  •  
  • Publish Date - December 27, 2025 / 08:33 PM IST,
    Updated On - December 27, 2025 / 08:33 PM IST

जम्मू, 27 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा आतंकवाद के खिलाफ की गई निर्णायक कार्रवाई से जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल हुई है।

सिंह ने कहा कि कश्मीरी पंडितों की विरासत कश्मीर की मिश्रित संस्कृति का केंद्र है और मोदी सरकार इस समुदाय की मांगों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और निरंतर कार्रवाई की है, जिसके परिणामस्वरूप आतंकी घटनाओं, पत्थरबाजी और लक्षित हत्याओं में उल्लेखनीय कमी आई है।’’

केंद्रीय मंत्री ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यह मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, और आतंकवाद से निपटने में दृढ़ता की कमी वाले पहले के दृष्टिकोण में एक स्पष्ट बदलाव को दर्शाता है।’’

यह कार्यक्रम पंडित प्रेम नाथ भट की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया था, जो प्रख्यात वकील और पत्रकार थे। भट की 1989 में इसी दिन कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा हत्या कर दी गई थी।

भट को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंत्री ने कहा कि उनका बलिदान आतंकवाद और लक्षित हिंसा के कारण कश्मीरी पंडित समुदाय द्वारा झेली गई पीड़ा का प्रतीक है।

भाषा शफीक माधव

माधव