अगरतला, 14 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर को ‘नाउम्मीदी वाले क्षेत्र’ से बाहर निकालकर एक ‘आकर्षक गंतव्य’ में बदल दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रवींद्र भवन में आयोजित ‘जन कल्याण शिविर’ को संबोधित करते हुए पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र हिंसा, अपहरण, नाकेबंदी और गोलीबारी के लिए जाना जाता था।
सोनोवाल ने कहा, ‘‘साल 2014 से पहले यहां सुरक्षा की भावना गायब थी और पूर्वोत्तर एक अशांत क्षेत्र के रूप में बदनाम जाता था। अब, शांति की वापसी के साथ यह क्षेत्र चौतरफा विकास का गवाह बन रहा है। शांति बहाली के लिए कम से कम 10,000 सशस्त्र उग्रवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है।’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर को ‘नाउम्मीदी के क्षेत्र’ से बाहर निकालकर ‘आकर्षक गंतव्य’ बना दिया है, और इस शांति ने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए क्षेत्र में तेजी से विकास का रास्ता साफ किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास कार्य अब तक की सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं, भले ही वे बुनियादी ढांचा हो, रेलवे संपर्क हो या संचार का क्षेत्र। मोदी जी ने मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों के लिए विकास को गति देने के उद्देश्य से नियमित रूप से पूर्वोत्तर का दौरा करना अनिवार्य कर दिया है।’
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश